
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। मिशन 125 वर्ष स्वस्थ जीवन स्वस्थ भारत के अंतर्गत सेवा सदन द्वारा नगर निगम कार्यालय के सामने नवयुग मार्केट में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और आयुर्वेदिक चिकित्सा के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिविर का आयोजन सेवा सदन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें अनुभवी वैद्य एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधियों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि मिशन 125 वर्ष स्वस्थ जीवन स्वस्थ भारत के प्रेरणा स्रोत चौधरी मंगल सिंह जी के मार्गदर्शन में नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ रखना और लोगों को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करना है।

आयोजकों ने कहा कि आज के समय में छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज में लोगों का हजारों-लाखों रुपये खर्च हो जाता है, फिर भी स्थायी लाभ नहीं मिल पाता। यदि लोग अपने रोग के कारण को समझ लें और समय पर सही उपचार लें तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
सेवा सदन द्वारा शुद्ध जड़ी-बूटियों से तैयार औषधियों के माध्यम से विभिन्न रोगों का उपचार किया जा रहा है और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शिविर के अंत में आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लेने की अपील की।



