
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। शालीमार गार्डन क्षेत्र में नगर निगम से जुड़े कुछ लोगों पर मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित किशन ने थाना शालीमार गार्डन में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, किशन 15 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे एकता पार्क, शालीमार गार्डन एक्स-1 में अपना कार्य कर रहे थे। इसी दौरान योगराज नामक व्यक्ति, जो ठेकेदारी से जुड़ा बताया जा रहा है, ने उन्हें बुलाकर अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। जब किशन ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि योगराज ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
पीड़ित के अनुसार, मौके पर पहुंचे अन्य आरोपियों में संजीव चौधरी, अनुज और जितेंद्र शामिल थे, जिन्होंने मिलकर मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर किशन ने अपने भाई महिपाल और भतीजे राहुल को बुलाया, जो बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान भगदड़ में राहुल का मोबाइल फोन और चेन गिर गई, जिससे नुकसान भी हुआ। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

पीड़ित किशन ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



