कर्मा हुंडई के एमडी नीरज थापर ने युवाओं कोदिए सफलता के मंत्र

नोएडा,(आनन्द धारा)। केयर स्किल अकेडमी में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में कर्मा हुंडई के एमडी नीरज थापर ने छात्रों से मुलाकात कर उन्हें सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र बताए। कार्यक्रम में ऑटोमोबाइल टेक्नीशियन कोर्स कर रहे बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। छात्रों ने नीरज थापर से करियर, नौकरी और जीवन में आगे बढ़ने को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बेहद सरल और प्रेरणादायक अंदाज में जवाब दिया।
नीरज थापर ने कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, ईमानदारी और अपने काम के प्रति समर्पण ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कुछ कर गुजरने का जुनून और लगातार सीखने की इच्छा ही इंसान को आगे बढ़ाती है।
उन्होंने केयर स्किल अकेडमी द्वारा युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था कौशल विकास के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कर्मा हुंडई और केयर स्किल अकेडमी मिलकर ऐसे बड़े प्रयास करेंगे, जिनसे सैकड़ों युवाओं को जॉब ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान केयर स्किल अकेडमी के को-फाउंडर धीरेंद्र जी ने नीरज थापर का बुके भेंट कर स्वागत किया और संस्था को समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
संस्था के मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि बहुत कम समय में हुंडई के चार शोरूम सफलतापूर्वक संचालित करने वाले नीरज थापर का अनुभव युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि छात्रों को चुनौतियों से निपटने और करियर में आगे बढ़ने के जो टिप्स मिले हैं, उनसे उन्हें निश्चित रूप से लाभ होगा।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने भी गर्मजोशी के साथ नीरज थापर का स्वागत किया और उनके अनुभवों से प्रेरणा ली। केयर स्किल अकेडमी लगातार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है।



