Homeक्राइमगाजियाबादसामाजिक

राजनगर एक्सटेंशन में घर से लापता 7 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल में सात वर्षीय बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बच्ची शुक्रवार शाम से लापता थी और परिजन देर रात तक उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट-2 में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बच्ची शुक्रवार शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार देर रात करीब 1:10 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि बच्ची की मौत कैसे हुई।

जांच एजेंसियां निर्माणाधीन मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं। साथ ही आसपास के लोगों और निर्माण स्थल पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बच्ची की मौत पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button