
मोदीनगर,(आनन्द धारा)। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजीकृत) एनसीआर द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “वृक्ष लगाओ” अभियान की सराहना की गई। महासभा के मीडिया कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य सूर्यदेव उपासक पंडित कुंजबिहारी वशिष्ठ की इस अनूठी पहल को लेकर उन्हें बधाई एवं आशीर्वाद प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पुरामहादेव शिव मंदिर के प्रमुख पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा तथा रोहित ने पं. कुंजबिहारी वशिष्ठ का अभिनंदन करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पुरामहादेव बाबा के दर्शन कर जलाभिषेक किया। इसके बाद मंदिर परिसर एवं समीप स्थित शनिदेव मंदिर और भगवान परशुराम मंदिर में भी पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (एनसीआर) के अध्यक्ष नरेश पाल कौशिक, महामंत्री डॉ. विजय कुमार मिश्र, आदित्य मोहन वशिष्ठ, अधिराज मोहन वशिष्ठ, समाजसेवी राजेंद्र कुमार गोयल सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पं. कुंजबिहारी वशिष्ठ के वृक्षारोपण अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर जन-जागरूकता फैलाने वाली प्रेरक मुहिम बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए पंडित कुंजबिहारी वशिष्ठ को “गाजियाबाद रत्न सम्मान” से सम्मानित करने की घोषणा भी की गई।



