मुरादनगर ITI में 5 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 100 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

गाजियाबाद। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अच्छा अवसर सामने आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजियाबाद और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 5 सितंबर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, दिल्ली-मेरठ रोड, मुरादनगर के परिसर में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी गौतम घोष ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। कंपनियों द्वारा 100 से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की जानकारी दी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले विभागीय वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद प्राप्त लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से शैक्षिक एवं व्यक्तिगत विवरण भरकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन के बाद अभ्यर्थी 5 सितंबर को सुबह 10 बजे रोजगार मेले में अपने बायोडाटा और सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति के साथ पहुंच सकते हैं। विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है।



