
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि सम्मानित नागरिकों को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाएँ एक ही स्थान पर सरल, सुगम एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 (चतुर्थ शुक्रवार) को संभागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद के सारथी भवन परिसर में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा।
परिवहन मेले में आइए एवं निम्न सुविधाओं का लाभ उठाइये-
परिवहन मेले का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों एवं सम्मानित नागरिकों की परिवहन विभाग से संबंधित समस्याओं का मौके पर निस्तारण।
विभागीय सेवाओं के प्रति जागरूकता बढाना तथा लंबित बकाया कर एवं अन्य देय राजस्व की वसूली को प्रोत्साहित करना है।
वाहनों के लंबित कर एवं अन्य बकाया धनराशि को तत्काल जमा करने की सुविधा।
नियमानुसार पात्र वाहन स्वामियों के वाहनों पर शास्ति में छूट का लाभ प्रदान करते हुए बकाया प्रकरणों का निस्तारण।
नवीन वाहनों के पंजीकरण एवं पंजीकरण संबंधी प्रक्रियाओं का निस्तारण ।
वाहन फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने एवं नवीनीकरण से संबंधित जानकारी एवं कार्यवाही।
नवीन परमिट जारी करने तथा परमिट नवीनीकरण से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाएँ।
स्क्रैप किए गए पुराने वाहनों के स्थान पर नवीन वाहन के तत्काल पंजीकरण हेतु मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता।
वाहन पंजीकरण प्रमाण-पत्र (RC), वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों का तत्काल सत्यापन कराएँ।
वाहन स्वामियों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र में मोबाइल नंबर अद्यतन कराने संबंधी सुविधा।
दिनांक 01 अप्रैल, 2019 से पूर्व पंजीकृत वाहनों में उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (HSRP) लगवाने के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन ।
निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तन (Conversion) तथा इससे संबंधित परमिट, फिटनेस, बीमा एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी एवं निस्तारण।
परिवहन विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में नागरिकों को जागरूक करना।
तत्काल लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने हेतु आवेदन की सुविधा।
मेले में विभिन्न सेवाओं के लिए संबंधित काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएँ मिल सकेंगी। संभागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद की ओर से समस्त वाहन स्वामियों एवं सम्मानित नागरिकों से अपील की जाती है कि वे दिनांक 23 अक्टूबर, 2026 को सारथी भवन परिसर में आयोजित परिवहन मेले में प्रतिभाग करें तथा परिवहन विभाग से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने एवं उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने हेतु आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित हों।



