Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

गाजियाबाद में पहली बार गांव की चौपाल पर लगा किसान दिवस, डीएम ने किसानों को दिया समाधान का भरोसा

गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल करते हुए पहली बार विकास भवन के बजाय भोजपुर ब्लॉक के ग्राम तलहेटा की चौपाल पर किसान दिवस आयोजित किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों की शिकायतें सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी से संवाद के बाद धरनारत किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि “किसानों के बीच, किसानों के साथ, किसानों की बात” के मंत्र के साथ अगले महीने भी किसी गांव में किसान दिवस आयोजित किया जाएगा।

किसान दिवस में सिंचाई, बिजली, खाद-बीज, राजस्व और गन्ना भुगतान सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गन्ना भुगतान और बिजली विभाग को लेकर सख्ती

जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को चीनी मिलों पर किसानों के बकाया ब्याज की 21.65 करोड़ रुपये की धनराशि का भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा समस्याओं की समुचित जानकारी नहीं देने पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि किसान दिवस में मिली प्रत्येक शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। पिछले किसान दिवस की शिकायतों की निस्तारण आख्या प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह सहित कृषि, उद्यान, सिंचाई, विद्युत, राजस्व और पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विजेंद्र सिंह चौधरी ने सभी अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया।

सिमरन शर्मा और प्रदीप कुमार को दी बधाई

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मोदीनगर निवासी सिमरन शर्मा और मुरादनगर के प्रदीप कुमार को बधाई दी। जापान में आयोजित प्रतियोगिता में सिमरन ने 200 मीटर दौड़ 24.80 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रदीप ने एफ-54 भाला फेंक स्पर्धा में 27.45 मीटर प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।

जिलाधिकारी ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को जनपद के लिए गौरव बताया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य समाप्त होने के बाद दोनों को जिला आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा और प्रशासनिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button