Homeप्रशासन

ई-मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर- डीएम दीपक मीणा

गाजियाबाद, 28 फरवरी। जनपद के दिव्यांगजनों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और इंडियन ऑयल कंपनी के सहयोग से न्यूमोशन द्वारा लायंस क्लब, कविनगर में बैटरी चालित व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजकों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मीणा ने कहा, ई-मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगी। इससे वे रोजगार के नए साधन प्राप्त कर सकेंगे। इंडियन ऑयल कंपनी द्वारा इन लाभार्थियों को जोमैटो के साथ भी जोड़ा गया है, जिससे वे डिलीवरी एजेंट के रूप में कार्य कर सकते हैं। अब यह जिम्मेदारी आप सभी की है कि यह साबित करें कि आप किसी से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने 28 दिव्यांगजनों को प्रतीकात्मक चाबी भेंटकर ई-मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की। साथ ही, जोमैटो टीम द्वारा लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिससे वे जल्द ही कार्य प्रारंभ कर सकें। 

लाभार्थियों ने जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कंपनी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ईडी इंडियन ऑयल, जीएम इंडियन ऑयल, जिला सूचना अधिकारी श्री योगेंद्र प्रताप सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्री सुधीर कुमार और न्यूमोशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button