Homeराजनीति

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पीएम मोदी से की मुलाकात, महाबोधि मंदिर अधिनियम रद्द करने की मांग दोहराई

नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर आठवले ने बिहार स्थित महाबोधि विहार (बोधगया) को लेकर ‘महाबोधि मंदिर अधिनियम’ (1949) को रद्द करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि वर्तमान अधिनियम के अंतर्गत ट्रस्ट में 4 बौद्ध और 4 हिन्दू सदस्य होते हैं और जिलाधिकारी इसके अध्यक्ष होते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि मंदिर का प्रबंधन पूर्णतः बौद्ध समुदाय को सौंपा जाए, और इस संदर्भ में एक लिखित मांग पत्र भी उन्हें सौंपा।

आठवले ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि  देश की जनता प्रधानमंत्री जी के निर्णायक और सशक्त नेतृत्व की सराहना करती है।

प्रधानमंत्री से हुई बातचीत के दौरान आठवले ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों के विकास को लेकर केंद्र सरकार द्वारा की गई पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में 26 अलीपुर रोड, दिल्ली पर डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक की स्थापना, डॉ. आबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र (DAIC) का निर्माण और लंदन में डॉ. आंबेडकर जी का ऐतिहासिक आवास महाराष्ट्र सरकार द्वारा केंद्र की मदद से खरीदा गया।
आठवले ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा बाबा साहेब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में घोषित करना उनके प्रति अटूट सम्मान को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button