
मुरादनगर,(गाजियाबाद)। गंग नहर स्थित श्री हंस इंटर कॉलेज में आज शासन के आदेशानुसार तिरंगा साइकिल रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली एनसीसी ऑफिसर डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में प्रारंभ हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा रैली पुलिस सुरक्षा कर्मियों के साथ कॉलेज परिसर से रवाना होकर रावली रोड होते हुए गुड़ मंडी से वापस गंग नहर पर समाप्त हुई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “तिरंगा हमारी शान है, राष्ट्र की पहचान है” जैसे देशभक्ति के नारों से माहौल को राष्ट्र प्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।

प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देशभक्ति की प्रेरणा देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर थाना मुरादनगर की टीम, विद्यालय के समस्त अध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



