श्री सतपाल महाराज जी के जन्मोत्सव पर संपूर्ण भारत सहित दिल्ली में सद्भावना यात्राएं व स्वास्थ्य शिविर आयोजित


नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। आध्यात्मिक गुरु व प्रसिद्ध समाजसेवी श्री सतपाल महाराज जी के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत सहित दिल्ली के विभिन्न जिलों में सद्भावना शांति यात्राएं, सत्संग कार्यक्रम तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए।
यह आयोजन मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वाधान में, श्री महाराज जी की प्रेरणा एवं परम श्रद्धेय श्री विभु जी महाराज जी के दिशा-निर्देशानुसार सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विशाल संख्या में भक्तगणों ने भाग लिया और जगह-जगह सद्भावना यात्राएं निकालकर सत्य नाम का प्रचार किया। यात्राओं के माध्यम से विश्वगुरु भारत, भाईचारा और शांति स्थापना का संदेश दिया गया।
यात्राओं की शुरुआत समिति के वरिष्ठ महात्माओं द्वारा की गई, जो नगर-नगर और गली-गली सत्यनाम का प्रचार करती हुई सत्संग कार्यक्रमों में परिवर्तित हुईं। कार्यक्रमों में उपस्थित संत-महात्माओं का भव्य स्वागत पुष्पमालाओं से किया गया।

इसी क्रम में दिल्ली के विभिन्न जिलों में नेत्र जांच शिविर सहित अनेक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए गए, जिनका लाभ सैकड़ों लोगों ने उठाया। संस्था के वरिष्ठ महात्मा श्री सत्यबोधानंद जी ने अपने उद्बोधन में सद्भावना, भाईचारा और प्रेम भक्ति का सारगर्भित संदेश प्रस्तुत किया।

भजन-भक्ति व सत्संग के वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित सभी भक्तों ने भंडारा प्रसाद का आनंद लिया और जन्मोत्सव का समापन शांतिपूर्ण माहौल में किया गया।




