

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। पं.दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर में “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश @2047” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में आगमन हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद रमेश चन्द्र तोमर द्वारा लिखित पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन मुख्यमंत्री व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश ने विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि भारत तभी विकसित होगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा और गाजियाबाद इस विकास का मुख्य द्वार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे “समर्थ उत्तर प्रदेश” वेबसाइट व क्यूआर कोड के माध्यम से अपने विचार और सुझाव साझा करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से अब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, उद्योग, एआई और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि पूर्व की सरकारों में केवल 19% लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचता था जबकि आज यह 70% तक पहुँच रहा है।उज्ज्वला, आयुष्मान, आवास, राशन व स्टार्टअप जैसी योजनाओं ने आम जनता के जीवन को बदल दिया है।

योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के पंच प्रणों विकसित भारत, गुलामी की सोच से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और कर्तव्य पालन को अंगीकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मंच का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।

मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि भारत को विकसित बनाने के लिए अपने विचार अवश्य साझा करें और समाज व देश के विकास में भागीदार बनें।



