प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर विवेकानंद यूथ कनेक्ट फाउंडेशन द्वारा चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन

नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितम्बर) के उपलक्ष्य में विवेकानंद यूथ कनेक्ट फाउंडेशन द्वारा एक भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन 17 सितम्बर 2025 को डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर (DAIC), जनपथ रोड, नई दिल्ली में किया गया। यह प्रदर्शनी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित की गई।
प्रदर्शनी का उद्घाटन परमार्थ निकेतन आश्रम, ऋषिकेश के अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती ने किया। इस अवसर पर विवेकानंद यूथ कनेक्ट फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. राजेश सर्वज्ञ, DAIC के डायरेक्टर आकाश पाटिल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जाजू, सुनील देवधर, भाजपा मुख्यालय से डॉ. राकेश मिश्रा और प्रोजेक्ट से जुड़े प्रमुख कलाकार व अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस चित्रकला प्रदर्शनी की विशिष्टता यह रही कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के 75 महत्वपूर्ण क्षणों को 75 विशेष कलाकृतियों के माध्यम से दर्शाया गया है – उनके बचपन से लेकर विश्व मंच पर एक दूरदर्शी नेता और जनसेवक के रूप में उनकी भूमिका तक। इन चित्रों में उनके नेतृत्व की परिवर्तनकारी शक्ति, सेवा के प्रति समर्पण और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है।

भारत सरकार के माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे “कला, संस्कृति और नेतृत्व के संगम का प्रेरणादायक उदाहरण” बताया। इस दौरान पी.पी. जैन, आचार्य लोकेश मुनि, और भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश ने भी प्रदर्शनी का भ्रमण कर कलाकारों की प्रशंसा की।
इस अनूठी पहल के तहत एक विशेष वेबसाइट [www.17september.in](http://www.17september.in) भी लॉन्च की गई है, जहां लोग डिजिटल रूप से इन चित्रों को देख सकते हैं और प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा ले सकते हैं।



