Homeप्रशासन

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व मण्डलायुक्त ने किया यशोदा मेडिसिटी का निरीक्षण, कहा- तैयारी हो शत-प्रतिशत पूर्ण

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)।आगामी दिनों में प्रस्तावित यशोदा मेडिसिटी सेंटर के भव्य उद्घाटन समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मेरठ मण्डलायुक्त  ऋषिकेश भास्कर ने इन्दिरापुरम स्थित शक्ति खण्ड-2 में निर्मित यशोदा मेडिसिटी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग, अतिथियों के आगमन मार्ग, मंच व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली जाएँ और किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए स्पष्ट दायित्व निर्धारण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम सफल और यादगार बन सके।

उल्लेखनीय है कि यशोदा मेडिसिटी सेंटर का उद्घाटन महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस अवसर पर राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अनुप्रिया पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक,डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल,एडीएम सिटी विकास कश्यप,सिटी मजिस्ट्रेट सन्तोष कुमार उपाध्याय सहित नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मण्डलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि गणमान्य अतिथियों एवं आमजन के लिए यह कार्यक्रम सफल एवं ऐतिहासिक बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button