उप्र क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष बने राकेश मिश्रा का गाजियाबाद में भव्य सम्मान समारोह

गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। संजय स्थित एक होटल में 3 नवम्बर 2025 को राकेश मिश्रा के उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज मक्कर, चेयरमैन उमेश चोपड़ा, कोषाध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी, संयोजक मतलूब मोहम्मद, पी.आर.ओ. राजीव बाली, इम्पायरिंग चेयरमैन सैफ सैफी सहित देवेंद्र चौधरी, प्रवीण तोमर, विवेक मलिक, जितेन्द्र सिंह, कुश शर्मा तथा संघ के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
राकेश मिश्रा का स्वागत फूल-मालाओं से किया गया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट के विकास पर अपने विचार साझा किए और बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में करीब आठ साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए 33 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू हुआ था। 2024 में तत्कालीन सांसद जनरल वीके सिंह ने मोरटी राजनगर एक्सटेंशन में चहारदीवारी के निर्माण के लिए शिलान्यास किया था।
अब स्टेडियम के निर्माण कराने की जिम्मेदारी जीडीए को सौंप दी है। जमीन यूपीसीए के नाम से है, इसलिए यूपीसीए और जीडीए की संयुक्त देखरेख में स्टेडियम का निर्माण होना है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम पश्चिम उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ा होगा।
जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इसके लिए स्टेडियम के निर्माण से पहले यूपीसीए को लैंड यूज बदलवाना पड़ेगा। गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, प्रीमियर लीग एवं अन्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के बारे में विस्तार से बात की।

गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन उमेश चोपड़ा तथा मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पुंडीर ने भी मिश्रा का अभिनंदन किया और अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां उपस्थित सभी सदस्यों ने राकेश मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।



