Home

पेंशनरों के लिए बड़ी राहत: डाक विभाग घर-घर पहुंचा रहा है जीवन प्रमाणपत्र सुविधा, डाकिया करेगा मदद मात्र 70 रुपये में

लखनऊ,(आनन्द धारा न्यूज़)। पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जीवित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए बुजुर्गों को कोषागार या सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) ने पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के साथ मिलकर यह सुविधा शुरू की है, जिसके तहत डाकिया पेंशनर के घर जाकर डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवाएगा।

गोंडा के बरहपुर निवासी 81 वर्षीय राम शंकर मिश्र, जो जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाचार्य रह चुके हैं, ने हाल ही में इसी सुविधा का लाभ लिया। मिश्र ने बताया कि उन्होंने डाकघर से संपर्क किया तो डाकिया उनके घर पहुंचा और 70 रुपये शुल्क लेकर आधार, मोबाइल नंबर और पेंशन विवरण के जरिए ऑनलाइन आवेदन पूरा कराया। कुछ ही दिनों में उनका डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जारी हो गया।

पोस्ट मास्टर जनरल, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र, सुनील कुमार राय ने बताया कि पेंशनर अब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से अपना प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए किसी अतिरिक्त सरकारी दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी। पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर या डाक सेवक से संपर्क कर सकते हैं।

इसके अलावा, ‘पोस्ट इन्फो एप’ और वेबसाइट [https://ccc.cept.gov.in/ServiceRequest/request.aspx](https://ccc.cept.gov.in/ServiceRequest/request.aspx) के जरिए भी इस सेवा का लाभ लिया जा सकता है।

लखनऊ में डाकघरों पर भी सुविधा उपलब्ध-
लखनऊ के जीपीओ और चौक पोस्ट ऑफिस सहित शहर के 42 डिलीवरी ऑफिसों में भी जीवित प्रमाणपत्र बनाए जा रहे हैं। चौक पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर मनोज अरोड़ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के पेंशनर चाहें तो यहां आकर भी प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।

डाकघर के सिस्टम पर प्रमाणपत्र बनवाने पर कोई शुल्क नहीं है, लेकिन डाकिया द्वारा स्मार्टफोन से घर पर प्रक्रिया पूरी करने पर 70 रुपये सेवा शुल्क देना होगा। केवल 4 नवंबर को चौक डाकघर में 33 पेंशनरों के जीवित प्रमाणपत्र बनाए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button