
नई दिल्ली,(आनन्द धारा न्यूज़)। देशभर में मानव धर्म और सद्भावना का संदेश फैलाने के उद्देश्य से मानव उत्थान सेवा समिति* द्वारा आयोजित 829वां ‘सद्भावना सम्मेलन’ आगामी 8 और 9 नवंबर को राजधानी दिल्ली के पंडवाला स्थित हंस नगर आश्रम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

इस द्विदिवसीय सम्मेलन में देश के 25 राज्यों से लगभग एक हजार साधु-संत और दस हजार से अधिक मानव धर्म के प्रचारक भाग लेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं उत्तराखंड के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री सतपालजी महाराज करेंगे, जो इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मानव धर्म और सद्भावना के महत्व पर उद्बोधन देंगे।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मानव उत्थान सेवा समिति के प्रबंधक महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि यह सम्मेलन योगीराज परमसंत श्री हंस जी महाराज की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सद्भावना सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जाति-धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता के धर्म को अपनाने की प्रेरणा देना है।
महात्मा सत्यबोधानंद जी ने बताया कि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से संत समाज के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
गौरतलब है कि मानव उत्थान सेवा समिति पिछले 70 वर्षों से देशभर में ‘मानव धर्म सम्मेलन’, ‘राष्ट्रीय एकता सम्मेलन’, ‘भारत जागो सम्मेलन’, ‘सर्व धर्म सम्मेलन’, ‘विश्व एकता समारोह’ और ‘सद्भावना सम्मेलन’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देती आ रही है। अब तक समिति द्वारा 828 राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, और दिल्ली में होने वाला यह 829वां सम्मेलन होगा।



