Homeखेलसामाजिक

सैकड़ों खिलाड़ियों की भागीदारी, विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों एवं साथ ही क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 2025 के विजेताओं को सम्मानित किया गया

गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। क्रीड़ा भारती गाज़ियाबाद महानगर द्वारा आयोजित 6वीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस खो-खो चैम्पियनशिप 2025 का 29 नवंबर को एच.एल.एम. महाविद्यालय में भव्य और प्रेरणादायक समापन हुआ। एक दिवसीय तकनीकी कार्यशाला और दो दिवसीय प्रतियोगिता ने अनुशासन, उत्कृष्ट खेल कौशल, संगठन क्षमता और खेल भावना का अद्भुत संगम प्रस्तुत करते हुए गाज़ियाबाद की क्रीड़ा संस्कृति में नया अध्याय जोड़ा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की ऊर्जा, जोश और समर्पण ने दर्शकों पर गहरा प्रभाव डाला।

बालक वर्ग में वाई.एम.बी. स्कूल विजेता, लोकमान्य तिलक स्कूल उपविजेता तथा देहरादून पब्लिक स्कूल गोविंदपुरम् और एम.एल. पब्लिक स्कूल द्वितीय उपविजेता रहे। बालिका वर्ग में लोकमान्य तिलक स्कूल विजेता, एम.एल. पब्लिक स्कूल उपविजेता तथा देहरादून पब्लिक स्कूल गोविंदपुरम् और के.वी.एन. स्कूल द्वितीय उपविजेता घोषित हुए। बेस्ट चेसर का खिताब लोकमान्य तिलक स्कूल के बॉबी और एम.एल. पब्लिक स्कूल की निधि तोमर को मिला, जबकि वाई.एम.बी. स्कूल के वंश और लोकमान्य तिलक स्कूल की शिवानी को बेस्ट रनर घोषित किया गया।

समापन समारोह में सह प्रांत प्रचारक सम्माननीय आनंद जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं पूज्य सुनील कौशल जी महाराज के सान्निध्य ने आयोजन की गरिमा में वृद्धि की। विशिष्ट अतिथियों में क्रीड़ा भारती प्रांत संगठन मंत्री उमेश जी, श्री सुभाष गुप्ता (सभापति – रेड क्रॉस सोसाइटी, गाज़ियाबाद), वरिष्ठ पत्रकार मधु शर्मा (दृष्टि सागर), आयुष त्यागी काकड़ा, वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा, विभाग सह-संयोजक संदीप राव, रोटेरियन सुरेंद्र शर्मा (रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट) एवं महानगर योग प्रमुख अभिजीत भारद्वाज शामिल रहे।

चैंपियनशिप के सफल संचालन में महानगर मंत्री हेमंत शर्मा, खो-खो प्रमुख विकास रावत, अमित देशवाल, मनोज कुमार, बबीता रानी, सुरेंद्र पाठी, मोहित कुमार, मनीष कुमार, सुरेंद्र सैनी, शुभम कामद, रोहित कुमार, कृतिका त्यागी, मुशीर और मुखिल त्यागी सहित अनेक प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय रहा। आयोजन का प्रभावी समन्वय चैंपियनशिप प्रभारी विकास रावत द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम संचालन हेमंत शर्मा ने किया। आयोजन का संपूर्ण नेतृत्व गाज़ियाबाद महानगर अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 2025 में महानगर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान साक्षी सिंह (गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज), द्वितीय स्थान सारिका (मॉडर्न नेशनल पब्लिक स्कूल), संयुक्त तृतीय स्थान आदित्य गुप्ता (जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम) एवं गजेंद्र सिंह (लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज) को प्राप्त हुआ। यशिका और खुशी (GGIC) को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालयों में जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल, मॉडर्न नेशनल पब्लिक स्कूल, लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज और गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज को उत्कृष्ट सहयोग हेतु सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवा शक्ति में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ जीवन शैली के संस्कार विकसित करती हैं तथा भारत की क्रीड़ा संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की ओर अग्रसर करती हैं। इस अवसर पर गाज़ियाबाद महानगर अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा—
“खेलों को बढ़ावा देने के लिए समाज के सभी सेवाभावी नागरिकों को आगे आना चाहिए, क्योंकि खेलों में राष्ट्र निर्माण की अपार संभावनाएँ निहित हैं।”

इस आयोजन में अखंड भारत मिशन, एच.एल.एम. महाविद्यालय, रोटरी क्लब ऑफ गाज़ियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट और वरदान मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्वास्थ्य सेवाओं में डॉ. हिमांशु भारद्वाज का मार्गदर्शन और श्री गजेंद्र शर्मा की सक्रिय उपस्थिति अत्यंत सराहनीय रही।

अंत में अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालयों, प्रायोजकों और स्वयंसेवकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button