राजनगर एक्सटेंशन में गरबा-डांडिया नाइट की धूम, महिला उद्यमियों को मिला मंच

वुमनिया चैनल और माकून्स प्री-स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह से लिया हिस्सा
गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-1 के क्लब हाउस में शनिवार, 17 अक्टूबर की शाम गरबा एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। वुमनिया चैनल और माकून्स प्री-स्कूल, राजनगर एक्सटेंशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, संगीत की मधुर धुनों और डांडिया की खनक से पूरा परिसर उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक माकून्स प्री-स्कूल की निदेशक करुणा चौधरी तथा वुमनिया चैनल की समृद्धि भटनागर और नम्रता सिंह रहीं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ महिला सशक्तीकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अजीत पाल त्यागी की धर्मपत्नी पथिका त्यागी तथा राष्ट्रीय लोक दल की वरिष्ठ नेता रेखा चौधरी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजकों की सराहना की।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल और उत्पादों की प्रदर्शनी रही। वुमनिया चैनल से जुड़ी स्थानीय महिला व्यवसायियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। इस पहल से उन्हें अपने व्यवसाय के प्रचार-प्रसार और उत्पादों को नई पहचान दिलाने का अवसर मिला। साथ ही, अन्य महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी मिली।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाएं और बच्चे लहंगा, साड़ी तथा अन्य पारंपरिक परिधानों में आकर्षक नजर आए। संगीत की धुनों पर महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव मनाया।
आयोजकों ने बताया कि वुमनिया चैनल और माकून्स प्री-स्कूल का प्रयास महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ा सकें। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों, महिला उद्यमियों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



