Homeप्रशासन

ज़ीरो पावर्टी अभियान की समीक्षा: डीएम ने लम्बित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

बहराइच,(आनन्द धारा न्यूज़)। जनपद में गरीबी उन्मूलन और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “ज़ीरो पावर्टी” अभियान की समीक्षा बैठक सोमवार को जिला सूचना विज्ञान केन्द्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लम्बित मामलों का तत्काल निस्तारण कर प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

समीक्षा के दौरान उज्ज्वला योजनाp एवं विद्युत संयोजन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में सत्यापन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और अभियान चलाकर सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने बताया कि जनपद में ज़ीरो पावर्टी अभियान के तहत कुल 25,059 अत्यंत निर्धन परिवार चिन्हित किए गए हैं। इनमें से प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चिन्हित 17,544 पात्र परिवारों में से 17,080 को आवास उपलब्ध कराकर 97 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के तहत 1,166 पात्र परिवारों को स्वास्थ्य कवर दिया जा चुका है, जबकि शेष के सत्यापन की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की बात करें तो वृद्धावस्था पेंशन में 42 प्रतिशत, विधवा पेंशन में 71 प्रतिशत तथा दिव्यांगजन पेंशन में 56 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।

शिक्षा एवं महिला कल्याण सेक्टर के तहत “आउट ऑफ स्कूल” बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग ने 131 पात्र बच्चों का सत्यापन कर **शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button