
गाजियाबाद,(आनन्द धारा/सुशील कुमार शर्मा)। महानगर को बेहतर और सुंदर बनाने के दावों के बीच महेंद्र एनक्लेव, शास्त्री नगर के बी और सी ब्लॉक की गलियों की स्थिति नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अमरीष नमकीन के बराबर स्थित इन गलियों में पहले नालियां बनाने के लिए सड़क खोद दी गई थी। इसके बाद कई माह बीतने के बावजूद सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया। अब सड़क के गड्ढों और खाली स्थानों को भरने के लिए मलबा डाल दिया गया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
बारिश की चेतावनी के बीच यहां के हालात और गंभीर होने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होने पर मलबे और कीचड़ के कारण राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो जाएगा। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। सुबह बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी घर से बाहर निकलना चुनौती बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार से जुड़ी इस गली में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। गली के प्रवेश स्थल पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।
इसके अलावा सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारी कई माह से दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिसके चलते साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित है। लोगों ने महापौर और नगर निगम के अधिकारियों से सड़क की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और नियमित सफाई व्यवस्था तत्काल बहाल कराने की मांग की है।



