
गाजियाबाद। 35 यूपी बटालियन एनसीसी मोदीनगर के कमान अधिकारी कर्नल पी के सिंह के आदेश अनुसार एवं सूबेदार मेजर परमानंद के निर्देशन में मुरादनगर गंग नहर पर पुनीत सागर अभियान कार्यक्रम चलाया गया। जिसके अंतर्गत मुरादनगर गंग नहर के घाटों की साफ सफाई की गई तथा गंगनहर से लगभग दो कुंतल पॉलिथीन मिट्टी के टूटे बर्तन, कचरा आदि इकट्ठा कर गंग नहर के घाटों को साफ किया गया। पुनीत सागर अभियान में श्री हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर, किसान नेशनल इंटर कॉलेज मुरादनगर, केंद्रीय विद्यालय मुरादनगर के 103 एनसीसी कैडेट ने प्रतिभाग किया। साथ ही एनसीसी ऑफिसर डॉक्टर अमित कुमार ,सूबेदार मेजर परमानंद व एन सी सी कैडेट ने गंग नहर पर वृक्षारोपण किया। तथा सभी कैडेट को वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में डॉक्टर अमित कुमार ने सभी एनसीसी कैडेट को वृक्षारोपण के लाभ से अवगत कराया तथा बताया कि अगर हम अपने वातावरण को साफ व स्वच्छ देखना चाहते हैं तथा आने वाली पीढ़ी के लिए एक हरा भरा प्रदूषण मुक्त वातावरण देना चाहते हैं तो आज ही हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने चाहिए जिससे कि आगे हमें कोई समस्या ना हो। इस अवसर पर श्री हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर के प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार, एनसीसी ऑफिसर डॉक्टर अमित कुमार ,लेफ्टिनेंट मुकेश शर्मा, एनसीसी ऑफिसर अनुराग गुप्ता, सूबेदार मेजर परमानंद, हवलदार संजीत कुमार, हवलदार पंकज, हवलदार भूप सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।




