
देवरिया,(आनन्द धारा न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने माता-पिता ही नहीं, पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां मोमोज का शौक एक मासूम बच्चे के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि 7 साल के बच्चे से लालच देकर करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने हड़प लिए गए।
पीड़ित बच्चे के पिता विमलेश, जो वाराणसी में पुजारी हैं, ने बताया कि उनका बेटा मोमोज का बेहद शौकीन है। देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में मोमोज का एक स्टॉल था, जिसे तीन युवक संचालित करते थे। आरोप है कि इन युवकों ने पहले बच्चे को मुफ्त में मोमोज खिलाकर उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया।
इसके बाद दुकानदारों ने बच्चे को लालच देकर घर से गहने लाने के लिए उकसाया। मोमोज की चाहत में बच्चा बिना कुछ समझे-बूझे घर से कीमती गहने निकालकर उनके पास देता रहा। यह सिलसिला काफी समय तक चलता रहा, लेकिन परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब घर में एक-एक कर गहने गायब होने लगे और नुकसान की राशि लाखों से बढ़कर करोड़ों के करीब पहुंच गई, तब परिजनों को शक हुआ। पूछताछ करने पर बच्चे ने पूरी सच्चाई बता दी। यह सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गहनों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह घटना न सिर्फ एक आपराधिक मामला है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, उनकी मानसिकता और अभिभावकों की सतर्कता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। यह साफ दिखाता है कि कैसे छोटे-छोटे लालच मासूम जिंदगियों और परिवारों की सालों की मेहनत को पलभर में तबाह कर सकते हैं।



