
गाजियाबाद। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में सोमवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जनपद स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉपर छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में मेधावियों के अभिभावकों और शिक्षकों की भी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में मंत्री सुनील शर्मा ने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि परिणाम की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा, मेहनत और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग और अनुशासन ही जीवन में सफलता की कुंजी है। जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वे निश्चित रूप से ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
मंत्री ने युवाओं को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों तक सीमित रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद के मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सम्मान समारोह ने छात्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।



