

साहिबाबाद/गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। रविवार 14 सितम्बर 2025 को श्री प्रेमपुरी आश्रम, साहिबाबाद में परम पूज्य सदगुरुदेव श्री सतपाल महाराज जी के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष सत्संग एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया।

भक्तजन बड़ी संख्या में आश्रम पहुँचे और सत्संग में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित सत्संग कार्यक्रम में पूज्य महात्मा श्री ज्ञानशब्दानन्द जी और पूज्य महात्मा श्री विनायकानन्द जी ने प्रवचन दिए।
इसी दौरान शाम 4 बजे से 6 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, एल्बुमिन और अन्य रक्त परीक्षणों के साथ-साथ घरों में प्रयोग होने वाले पेयजल की भी जाँच की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मानव उत्थान सेवा समिति, श्री प्रेमपुरी आश्रम प्रबंध समिति तथा मानवसेवा दल यूथ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।



