पूर्व सैनिकों व शहीद परिवारों का भव्य सम्मान समारोह

गाज़ियाबाद ( कुलदीप )। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, गाजियाबाद परिसर में पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों एवं शहीद परिवारों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सैनिक अधिकारी कैप्टन रामप्रवेश सिंह ने की, जबकि संचालन सैनिक परिवार गाजियाबाद के अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद परिवार, गैलंट्री एवं विशिष्ट सेवा पदक विजेता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत के एकमात्र जीवित परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) योगेंद्र सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी, मेजर जनरल ए.बी.जे. जैनी, मेजर जनरल (डॉ.) बी. एन.कपूर सहित सेना, नौसेना और वायुसेना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधि के रूप में मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और पूर्व सैनिकों के योगदान को सराहा। जिला सैनिक अधिकारी एवं अन्य अतिथियों द्वारा शहीद परिवारों एवं वीर नारियों को सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण हो उठा।

समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम मेरठ सब एरिया पेंशन विभाग द्वारा ‘स्पर्श’ (SPARSH) प्रणाली से संबंधित इंस्टॉलेशन सुविधा प्रदान की गई। साथ ही यशोदा हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत परिवर्तन स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सैनिक महिला ब्रिगेड की अध्यक्षा श्रीमती वीनू चौधरी, जिला सैनिक अधिकारी कर्नल विवेक सिंह, डॉ. मेजर प्राची गर्ग, सैनिक परिवार महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष एबीपी एसपी, उपाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह (साहिबाबाद), संगठन अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह (मोदीनगर), इकाई संयोजक लक्ष्मण सिंह राठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एयरफोर्स संगठन से रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ, आचार्य निरंजन सिंह, श्री प्रकाश चंद, सुरेंद्र ठाकरे, सुखबीर यादव, प्रवेश गुप्ता, एसपी सिंह, अशोक चौधरी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक अधिकारी कैप्टन आर.पी. सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया तथा सभी को भोजन के लिए आमंत्रित किया। यह आयोजन न केवल पूर्व सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में उनके योगदान के प्रति सम्मान और जागरूकता को भी सुदृढ़ करने वाला रहा।



