गाजियाबाद में दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेला 21 मई को, ₹25 हजार तक मिलेगी सैलरी

गाजियाबाद। दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 21 मई 2026 को विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन, शास्त्री नगर, गाजियाबाद में आयोजित होगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में प्रसिद्ध कंपनी Spark Minda भाग ले रही है। कंपनी का कार्यालय ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 स्थित उद्योग केंद्र में है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी में रोजगार प्रदान किया जाएगा। रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इच्छुक दिव्यांगजन अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 10 बजे रोजगार मेले में पहुंच सकते हैं।
अंशुल चौहान ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर ₹13 हजार से ₹25 हजार प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों के पास अधिक अनुभव और बेहतर शैक्षिक योग्यता होगी, उन्हें प्राथमिकता के साथ बेहतर वेतन भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से दिव्यांगजन ऐसे रोजगार अवसर की प्रतीक्षा कर रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने पहले ही दिव्यांग कल्याण विभाग में अपना बायोडाटा जमा कराया हुआ था। अब यह रोजगार मेला उन सभी के लिए सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि केवल गाजियाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के अन्य जिलों के दिव्यांगजन भी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। जो अभ्यर्थी ग्रेटर नोएडा में नौकरी करने के इच्छुक हैं और नियमित रूप से कार्य करने के लिए तैयार हैं, वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।
रोजगार मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड, रिज्यूम या बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।



