मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में स्वास्थ्य वार्ता आयोजित, डॉ. शोभा शर्मा ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

(पवन शर्मा/आनन्द धारा)
गाजियाबाद/साहिबाबाद। 31 मई 2026: मानव उत्थान सेवा समिति एवं यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम के संयुक्त तत्वावधान में सुविख्यात श्री सतपाल जी महाराज जी की प्रेरणा से श्री प्रेमपुरी आश्रम, में महिला स्वास्थ्य जागरूकता स्वास्थ्य वार्ता सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. शोभा शर्मा, क्लिनिकल कंसल्टेंट एवं अनुभवी मनोवैज्ञानिक रहीं। उन्होंने महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप, हेल्थ स्क्रीनिंग, उचित पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं सकारात्मक मानसिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को आत्म-देखभाल (Self-Care) के महत्व के बारे में भी जागरूक किया और बताया कि स्वस्थ महिला ही परिवार एवं समाज की सशक्त आधारशिला होती है।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. शर्मा ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान प्रस्तुत किया।
श्री प्रेमपुरी आश्रम में यशोदा मेडिसिटी की पूरी टीम का प्रबंध समिति श्री प्रेमपुरी आश्रम द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर आभार व्यक्त किया गया इस अवसर पर महात्मा श्री भूमिका भाई जी एवं महात्मा श्री संयुक्ता बाई जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इस पहल की सराहना की।



