
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में कोलंबिया कॉन्वेंट इंस्टीट्यूट, राजनगर एक्सटेंशन, मोरटा, गाज़ियाबाद के ईको क्लब द्वारा रविवार 12 जुलाई को विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. ललिता सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। ईको क्लब प्रभारी सुश्री सुष्मिता सक्सेना तथा छात्र प्रभारी महिमा त्यागी के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. ललिता सिंह ने कहा, “आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वच्छ वायु और सुरक्षित पर्यावरण का आधार बनेगा। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो हमारा देश अधिक हरित और स्वस्थ बन सकता है।” कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जैव विविधता, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा Reduce, Reuse and Recycle के सिद्धांतों के बारे में जानकारी दी गई। ईको क्लब के माध्यम से वर्षभर पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व और सतत जीवनशैली की भावना विकसित हो सके।
ईको क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना, अधिक से अधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना, जल एवं ऊर्जा की बचत के प्रति प्रेरित करना, कचरे को कम करने के लिए Reduce, Reuse and Recycle के सिद्धांतों को अपनाना तथा विद्यालय परिसर को पूर्णतः हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
कार्यक्रम में शिक्षिकाओं पूर्णिमा, प्रियांशी, शिल्पा तथा सुष्मिता सक्सेना ने सक्रिय सहभागिता निभाई और विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान में कुल 18 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें आन्वी (कक्षा 5), कियारा (कक्षा 3), महिमा (कक्षा 12), युगांश (कक्षा 10), आकांक्षा (कक्षा 8), एलिस (कक्षा 10), मैथिली (कक्षा 11), मयंक (कक्षा 5), जिया (कक्षा 11), हर्ष (कक्षा 10), सम्राट (कक्षा 9), शेली (कक्षा 11), जोया (कक्षा 12), लक्षित (कक्षा 2), दीपांशु (कक्षा 10), शिखा (कक्षा 6), ईशानी (कक्षा 5) तथा आद्या (कक्षा 6) शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुँचाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी मिशन LiFE के अंतर्गत ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



