Homeगाजियाबादपर्यावरणशिक्षासामाजिक

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग का पर्यावरण संकल्प, जनपद के सभी विद्यालयों में हुआ पौधारोपण

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अवसर पर जनपद गाजियाबाद में 12 जुलाई 2026 को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रजापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी तथा विभागीय स्टाफ द्वारा पौधारोपण कर अभियान का शुभारम्भ किया गया।

जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को उत्सव के रूप में मनाया गया। अध्यापकों, छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया।

विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा अपने-अपने विद्यालयों में “सेल्फी प्रतियोगिता” का भी आयोजन किया गया, जिसमें वृक्षारोपण से संबंधित आकर्षक चित्र साझा किए गए।

बेसिक शिक्षा विभाग को शासन द्वारा प्राप्त पौधारोपण लक्ष्य के सापेक्ष जनपद के विद्यालयों में शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित किया गया। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनपद के सभी विद्यालयों में जनभागीदारी एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक उत्सव के रूप में मनाया गया।

इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक एवं उत्तरदायी बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button