Homeनई दिल्लीराजनीति

भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी का गठन, युवाओं, किसानों और उद्यमियों की समस्याओं को प्रमुखता देने का संकल्प

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की समग्र क्रांति की विचारधारा से प्रेरित होकर नई राजनीतिक पार्टी का गठन, राष्ट्रीय अध्यक्ष रामाशीष राय और उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने प्रेस वार्ता में रखीं पार्टी की प्राथमिकताएं

नई दिल्ली,(आनन्द धारा)। देश के वर्तमान राजनीतिक वातावरण, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों की चुनौतियों को लेकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के समग्र क्रांति आंदोलन से जुड़े लोगों ने एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी का गठन किया है।

नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रामाशीष राय तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व आईएएस अधिकारी, लेखक एवं स्तंभकार बसंत कुमार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्टी के गठन के उद्देश्यों, नीतियों और भावी प्राथमिकताओं की विस्तार से जानकारी दी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि देश में युवाओं के सामने बेरोजगारी एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। वहीं, बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है और किसानों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर एक नए राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

रामाशीष राय ने बताया कि पार्टी के गठन से जुड़े कई लोग लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी के साथ सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचारों से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में भाजपा अपने मूल उद्देश्यों और सिद्धांतों से भटक गई है। युवाओं की बेरोजगारी, लगातार बढ़ती महंगाई तथा किसानों की समस्याओं की अनदेखी से निराश होकर उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी के गठन का निर्णय लिया।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि देश के आर्थिक विकास में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद अनेक सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद उद्यमियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में एमएसएमई मंत्री के सलाहकार के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने उद्यमिता क्षेत्र की समस्याओं को निकट से देखा और समझा है।

बसंत कुमार ने कहा कि सरकारी योजनाओं और उनके वास्तविक लाभार्थियों के बीच की दूरी समाप्त करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि उनकी पार्टी को सत्ता में आने का अवसर मिलता है, तो सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए युवाओं, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों की समस्याओं को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाना है।

राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो वर्तमान परिस्थितियों में एक नई पार्टी का गठन महत्वपूर्ण पहल माना जा सकता है। हालांकि, भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी जनता के बीच कितनी स्वीकार्यता प्राप्त कर पाती है और अपनी घोषित नीतियों एवं योजनाओं को धरातल पर किस हद तक मूर्त रूप दे पाती है, यह आने वाला समय ही बताएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button