Homeगाजियाबादसामाजिकस्वास्थ्य

आईएमए गाजियाबाद की अनूठी पहल ‘राहगीरी’ में सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा,  सीखे स्वस्थ रहने के मंत्र

गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), गाजियाबाद की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम ‘राहगीरी’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, राहगीरों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की खास बात 20 स्कूलों एवं कॉलेजों के करीब 100 विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। विद्यार्थियों ने निवारक स्वास्थ्य उपायों की जानकारी प्राप्त की और उनका प्रदर्शन भी किया। इन विद्यार्थियों के माध्यम से उनके शैक्षणिक संस्थानों में हजारों अन्य विद्यार्थियों एवं परिवारों तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया।

इस अवसर पर आम जनता एवं चिकित्सकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआर (BMR), बोन डेंसिटी और फाइब्रोस्कैन जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। लोगों ने शिविर का लाभ उठाते हुए अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजीव शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने आईएमए की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने वाला सराहनीय प्रयास बताया।

विशिष्ट अतिथियों में डॉ. (प्रो.) शरद कुमार अग्रवाल (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईएमए मुख्यालय 2022-23), डॉ. राजीव गोयल (प्रदेश अध्यक्ष, आईएमए यूपी), डॉ. आशीष अग्रवाल (प्रदेश सचिव), डॉ. वाणी पुरी (प्रदेश वित्त सचिव) एवं डॉ. वी.बी. जिंदल (स्टेट आईएमए समन्वयक) मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. अरुणा और डॉ. कल्पना कंसल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आईएमए गाजियाबाद के सचिव डॉ. राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष डॉ. सारिका जैन, संयुक्त सचिव डॉ. पारुल अग्रवाल एवं डॉ. प्रियंका गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त आईएमए की संपूर्ण कार्यकारिणी एवं बड़ी संख्या में सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के अंत में आईएमए गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद चावला ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामुदायिक आयोजन आईएमए की सेवा भावना को दर्शाते हैं। उन्होंने सभी से मिलकर स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button