
नई दिल्ली, (आनन्द धारा)। राजधानी के त्रिनगर में गीतकार एवं निर्देशक नरेंद्र शर्मा के निवास पर टनाटन म्यूजिक बिट्स द्वारा निर्मित रोमांटिक म्यूजिक एल्बम ‘हो गया है प्यार’ एवं ‘धीमे-धीमे ये दिल जला’ की भव्य लॉन्चिंग की गई। इन दोनों रोमांटिक गीतों को मशहूर गायक कुमार शानू और कुणाल गांजावाला ने अपनी सुरीली आवाज दी है।
एल्बम लॉन्चिंग के अवसर पर मुख्य कलाकार आशु छाबड़ा, दिव्या मलिक और अंजलि भामनिया सहित एल्बम से जुड़े अन्य कलाकार एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने दोनों गीतों की सराहना करते हुए कलाकारों और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद एवं अन्य अतिथियों ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में इस तरह के सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। इससे अभिनय और गायन के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा रखने वाले प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर ही अवसर मिल सकेंगे। उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए मुंबई जाने और वहां संघर्ष करने की मजबूरी भी कम होगी।
कार्यक्रम में प्रिंस शर्मा, सुरेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एल्बम की लॉन्चिंग के साथ ही कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।



