Homeगाजियाबादशिक्षासांस्कृतिक

ए.बी.ई.एस. कॉलेज में 18वां डिग्री वितरण समारोह सम्पन्न, 1600 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद में 11 अप्रैल 2026 शनिवार को 18वां डिग्री वितरण एवं पुरस्कार समारोह डॉ. एस. राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह में 1600 से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की डिग्रियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रो. जे. पी. पांडेय रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एडोबी सिस्टम्स के डायरेक्टर (क्लाउड ऑपरेशंस एंड रिलायबिलिटी इंजीनियरिंग) श्री सौरभ अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन श्री नीरज गोयल, जनरल सेक्रेटरी श्री शाश्वत गोयल एवं एडवाइज़र श्री अभय अग्रवाल भी मौजूद रहे।

महाविद्यालय के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2000 में स्थापित संस्थान ने 25 वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर ली है। अब तक लगभग 25,000 से अधिक छात्र-छात्राएं यहां से शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र में महाविद्यालय को स्वायत्त संस्था का दर्जा प्राप्त हुआ है तथा वर्ष 2025-26 से उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम लागू किए जा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में विद्यार्थियों को 426 प्रतिष्ठित कंपनियों से 1875 प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक पैकेज 60 लाख रुपये वार्षिक रहा।

मुख्य अतिथि प्रो. जे. पी. पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार, शोध एवं तकनीकी नेतृत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल नौकरी तक सीमित न रहें, बल्कि स्टार्टअप और नई तकनीकों के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।

विशिष्ट अतिथि सौरभ अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ समस्या समाधान क्षमता, टीमवर्क, नेतृत्व कौशल और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता की कुंजी है।

समारोह के दौरान सत्र 2024-25 के 1153 बी.टेक., 2 एम.टेक., 260 एम.बी.ए. तथा 207 एम.सी.ए. विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पदक एवं सम्मान भी दिए गए।

इस अवसर पर “पथ प्रदर्शक” पुरस्कार सुश्री संयोगिता सिंह एवं श्री अंशुमन सिंह को प्रदान किए गए। संयोगिता सिंह को उनकी पुत्री ईशिका सिंह के 60 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयनित होने की उपलब्धि में प्रेरणा देने हेतु सम्मानित किया गया, जबकि अंशुमन सिंह को उनके शिष्य वीर प्रताप सिंह की सफलता के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन कॉलेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान एवं ए.बी.ई.एस. बिजनेस स्कूल के निदेशक डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. तरुण अरोड़ा के अनुसार समारोह के समन्वय में रजिस्ट्रार सुश्री नितिका जैन, डीन सोनिया जेटली एवं डॉ. अमृता ज्योति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button