Homeनई दिल्लीराजनीतिसामाजिक

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आएगा ‘सेफ दिल्ली’ ऐप, इमरजेंसी में पुलिस तक तुरंत पहुंचेगी सूचना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार जल्द ही एक नया कदम उठाने जा रही है। महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ‘सेफ दिल्ली’ मोबाइल एप लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह एप सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा, जिससे किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रस्तावित एप में जीपीएस ट्रैकिंग, लाइव ऑडियो-वीडियो स्ट्रीमिंग और इमरजेंसी अलर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके जरिए किसी महिला के संकट में होने पर उसकी लोकेशन की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंच जाएगी, जिससे पुलिस टीम कम से कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह सिस्टम खासतौर पर महिलाओं से जुड़े अपराधों और उच्च जोखिम वाली परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। एप के माध्यम से पीड़ित व्यक्ति बिना किसी देरी के अपनी स्थिति की जानकारी पुलिस को भेज सकेगा।

दिल्ली सरकार का मानना है कि तकनीक के इस्तेमाल से अपराधों पर नियंत्रण पाने और पुलिस की प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। वर्तमान में कई मामलों में सूचना मिलने और पुलिस के पहुंचने के बीच लगने वाले समय को कम करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।

बताया जा रहा है कि पूरे दिल्ली शहर में इस एप को लागू करने का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है। मंजूरी मिलने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

इस एप के जरिए पुलिस कंट्रोल रूम में आने वाली सूचना को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा और संबंधित क्षेत्र की पुलिस टीम को तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा। लाइव लोकेशन और वीडियो सुविधा से पुलिस को घटना की वास्तविक स्थिति समझने में भी मदद मिलेगी।

महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली में पहले से कई योजनाएं संचालित हैं, लेकिन नए डिजिटल सिस्टम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि ‘सेफ दिल्ली’ ऐप महिलाओं में भरोसा बढ़ाने और राजधानी को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button