
गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। नेहरू नगर स्थित धर्मार्थ औषधालय में 22 नवंबर 2026 को हेपेटाइटिस-बी (काला पीलिया) के निशुल्क टीकाकरण शिविर का समापन हुआ। शिविर में 35 लोगों को टीकाकरण की पहली खुराक दी गई। आईएमए गाजियाबाद और कल्कि ट्रस्ट के संयुक्त प्रयासों से वर्ष 2022 में शुरू हुई इस मुहिम के तहत अब तक 577 टीके लगाए जा चुके हैं।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और आर्थिक कारणों से टीकाकरण से वंचित रहने वाले लोगों को निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराना रहा है। इस पहल के माध्यम से लगातार लोगों को संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
शिविर में पहली खुराक लेने वाले लाभार्थियों को दूसरी खुराक 27 दिसंबर 2026 तथा तीसरी खुराक 23 मई 2027 को दी जाएगी, ताकि उनका टीकाकरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा हो सके।

इस पुनीत अभियान को आगे बढ़ाने में डॉ. अल्पना कंसल, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. नीलू खनेजा और डॉ. अरुणा सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वहीं, डॉ. नवनीत वर्मा ने टीकाकरण कार्य में सहयोग देने के साथ ही उपस्थित लोगों को हेपेटाइटिस-बी के संक्रमण, बचाव और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि अभियान के प्रति लोगों में धीरे-धीरे जागरूकता बढ़ रही है और अब अधिक लोग स्वयं आगे आकर टीकाकरण का लाभ ले रहे हैं। शिव मंदिर समिति भी इस सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान कर रही है।
आईएमए गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. प्रहलाद चावला ने इस सराहनीय पहल के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आईएमए इस जनहितकारी अभियान को निरंतर और सुचारू रूप से जारी रखने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
आयोजकों ने बताया कि आगामी टीकाकरण शिविर की तिथि और अन्य जानकारी शीघ्र साझा की जाएगी।



