
एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने बैठक कर लिया निर्णय, सोमवार को पुलिस आयुक्त से मिलेगा पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल
गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। पत्रकार मनोज शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पत्रकारों में भारी नाराजगी है। मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन के प्रति कड़ा विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को एसोसिएशन के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकार मनोज शर्मा पर हुए हमले की घटना और पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी सोमवार को एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच कराने और हमले के आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।
एसोसिएशन की अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने कहा कि पत्रकारों पर जानलेवा हमले की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाने का काम करते हैं। ऐसे में यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता कैसे संभव होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मनोज शर्मा पर हुए हमले के मामले में पुलिस का ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
एसोसिएशन के महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज का विषय है। पुलिस प्रशासन को इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर पूरे प्रकरण को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यदि कार्रवाई में लापरवाही जारी रहती है तो संगठन आगे की रणनीति तय करने के लिए बाध्य होगा।
वहीं, संगठन मंत्री पवन चौधरी ने कहा कि किसी भी पत्रकार पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार है। पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज की समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को उजागर करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन पूरी एकजुटता के साथ मनोज शर्मा के समर्थन में खड़ी है और दोषियों पर कार्रवाई होने तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
बैठक में ललित चौधरी, मनोज तोमर, अर्णव चौधरी, पीड़ित पत्रकार मनोज शर्मा के सुपुत्र वाशु शर्मा तथा वीर शर्मा सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।
एसोसिएशन ने दो टूक कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सोमवार को पुलिस आयुक्त के समक्ष मामले को उठाकर ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।



