Homeउत्तर प्रदेशउत्तराखंडराजनीति

यूपी-उत्तराखंड के रिश्तों को मिली नई गति, सतपाल महाराज के साथ सीएम धामी ने की सीएम योगी से मुलाकात

लखनऊ,(आनन्द धारा)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों सहित अन्य लंबित प्रकरणों को आपसी सहयोग और समन्वय के माध्यम से निस्तारित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच परिसंपत्तियों से संबंधित शेष मामलों को आगे बढ़ाते हुए उनके समाधान का रास्ता निकालना रहा। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय को और प्रभावी बनाने तथा लंबित विषयों पर सकारात्मक पहल के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।

बैठक में दोनों राज्यों के बीच वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद से चले आ रहे परिसंपत्ति बंटवारे के शेष मामलों को शीघ्र निस्तारित करने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ही दोनों राज्यों के बीच भूमि, सरकारी भवनों, सिंचाई परिसंपत्तियों और अन्य संसाधनों के बंटवारे से जुड़े कुछ मामले लंबित रहे हैं। इन विषयों के समाधान के लिए समय-समय पर दोनों राज्यों के बीच बातचीत होती रही है। हाल के दिनों में इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया भी तेज हुई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दोनों राज्यों के आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से लंबित प्रकरणों का समाधान जल्द किया जा सकेगा। उन्होंने उत्तराखंड के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर सहयोग और सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button