Homeगाजियाबादमनोरंजनसामाजिकसांस्कृतिक

बलराम और अर्चना पैन्यूली को मिला कथा रंग शिखर सम्मान, ममता कालिया ने की साहित्यिक परंपरा की सराहना

ग़ाज़ियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। ‘से. रा. यात्री स्मृति कथा रंग साहित्य महोत्सव एवं अलंकरण समारोह’ में पुरस्कृत रचनाकारों को सम्मानित करते हुए सुप्रसिद्ध साहित्यकार ममता कालिया ने कहा कि कथा रंग हिंदी साहित्य, खासकर कहानी को संरक्षित करने का बड़ा काम कर रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ममता कालिया ने कहा कि कथा रंग से. रा. यात्री की परंपरा का जिस तरह से निर्वहन कर रहा है उसकी मिसाल पूरे देश में देखने को नहीं मिलती। वरिष्ठ साहित्यकार बलराम और डेनमार्क से आई अर्चना पैन्यूली का कथा रंग के मंच पर एक साथ शिखर सम्मान ग्रहण करना इस बात की पुष्टि करता है कि कथा रंग देश विदेश में अपनी विश्वसनीयता बनाए हुए है। सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महेश दर्पण ने कहा कि कथा रंग भारत में एक ऐसा मंच है जो कहानियों में कलम का सिपाही है। इस अवसर पर अर्चना पैन्यूली एवं कथाकार बलराम को 11-11 हजार रुपए का क्रमशः ‘शिवम कपूर स्मृति प्रेमचंद कथा सम्मान’ और ‘ से. रा. यात्री स्मृति कथा शिरोमणि’ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर कथाकार बलराम का 75वां जन्मदिन भी मनाया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए बलराम ने कहा कि कई स्तरों पर साहित्य जहां सिकुड़ता जा रहा है वहीं ‘कथा रंग’ निरंतर अपना विस्तार कर रहा है। एक दशक की साहित्यिक यात्रा के लिए ‘कथा रंग’ परिवार को बधाई देते हुए बलराम ने कहा कि पुरस्कार साहित्य को समृद्ध नहीं करते, बल्कि वह इस बात का प्रतीक हैं कि साहित्य कितना समृद्ध है। उन्होंने कहा कि कथा रंग के माध्यम से हिंदी साहित्य निरंतर समृद्ध हो रहा है। इस अवसर पर उमंग जौली सरीन को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप “शांति देवी स्मृति कृष्णा सोबती कथा सम्मान’, रमेश कुमार रीपू को द्वितीय पुरस्कार स्वरूप ‘धीरज सिंह स्मृति भगवती चरण वर्मा कथा सम्मान’, प्रज्ञा रोहिणी, सुधा थपलियाल एवं प्रदीप भट्ट को ‘से. रा. यात्री कथा गौरव सम्मान’ तथा सुधा जुगलान व डॉ. ज्योत्सना मिश्रा को ‘कथा रंग सृजन सम्मान’ प्रदान किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2024 की विजेता अनीता रश्मि को भी तृतीय पुरस्कार स्वरूप ‘अमृता प्रीतम सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर शिवनारायण, डॉ. अशोक मैत्रेय, कमलेश भट्ट ‘कमल’, डॉ माला कपूर ‘गौहर’, अशोक गुप्ता, अतुल सिन्हा, नीरज मित्तल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में अद्विक प्रकाशन द्वारा चयनित कहानियों के प्रकाशित संग्रह ‘रंग-ए-अफसाना 2026’ का लोकार्पण भी किया गया। संस्था के अध्यक्ष शिवराज सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से सुभाष चंदर, आलोक यात्री, वागीश शर्मा और रिंकल शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पवन कुमार, सुरेन्द्र सिंघल, राकेश कुमार, रघुवीर शर्मा, ऋषि कुमार शर्मा, वंदना वाजपेई, रंजना मजुमदार, सुभाष अखिल, रवि पाराशर, डॉ. सुमन गोयल, पूनम मनु, तेजवीर सिंह, डॉ. मनोहर, अविनाश, डॉ. आशा रानी, विजय लक्ष्मी, डॉ. वीना मित्तल, सिनीवाली, प्रताप सिंह, के. के. जायसवाल, शकील अहमद, डॉ. आभा, सुदीप ठाकुर, पूजन प्रियदर्शी, बबली सिन्हा ‘वान्या’, ओंकार सिंह, डी. डी. पचौरी, विनय विक्रम सिंह, राजीव शर्मा, उत्कर्ष गर्ग, आशु गोस्वामी, जोया, तन्मय, अभिनव, सत्य प्रसाद पेन्यूली, मंजु पेन्यूली व चंद्रवती शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button