Homeक्राइमगाजियाबाद

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 45 लाख की ठगी का आरोप, पूर्व सैनिक ने पोल खोल कर की निष्पक्ष जांच की मांग

गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा)। नौकरी की तलाश में भटक रहे बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पूर्व सैनिक रामपाल सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय रेलवे माल गोदाम श्रमिक संघ के नाम पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 45 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है।

पूर्व सैनिक का कहना है कि संगठन के लोग पहले युवाओं को सपने दिखाते हैं, फिर कार्ड बनाकर उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते हैं। इसके बाद न नौकरी मिलती है और न ही पैसा वापस मिलता है।

70 हजार की नौकरी का दिया था झांसा

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन के लोग पढ़े- लिखे बेरोजगार युवाओं को रेलवे माल गोदाम में 70 हजार रुपये प्रतिमाह की परमानेंट नौकरी का सपना दिखाकर अपने जाल में फंसाते हैं।

लगभग 5 वर्ष पहले संगठन के लोगों ने पूर्व सैनिक को भी अपने झांसे में ले लिया। उनके बच्चों के फॉर्म भरवाए, संगठन का कार्ड बनाकर दे दिया और उनसे पैसा ठग लिया।

घंटाघर में हुआ था भव्य सम्मेलन, दिया था नौकरी का भरोसा

16 जुलाई 2024 को संगठन द्वारा गाज़ियाबाद के राम भवन, रामलीला मैदान, घंटाघर में एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं शिपिंग समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं और उनके परिजनों को बुलाया गया और जल्द ही नौकरी लगने का भरोसा दिलाया गया।

लेकिन कार्यक्रम के लगभग दो साल बीत जाने के बाद भी किसी भी बच्चे की नौकरी नहीं लगी।

अगस्त 2025 में खुली ठगी की पोल

पूर्व सैनिक ने बताया कि अगस्त 2025 में उन्हें संगठन के बारे में ऐसी जानकारी मिली, जिससे पता चला कि संगठन कार्ड बनाकर नौकरी के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है।

जब उन्होंने सच्चाई जानने का प्रयास किया, तो संगठन के लोगों ने उनसे दूरी बनाना शुरू कर दिया।

पैसा मांगा तो बोले – कैश दिया था, कोई सबूत नहीं

जब पूर्व सैनिक ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि “पैसा कैश दिया है, कोई सबूत नहीं है।”

पिछले चार माह से आरोपियों ने फोन पर सम्पर्क भी बंद कर दिया है। पूर्व सैनिक का कहना है कि उनकी तरह और भी दर्जनों लोग हैं, जिन्होंने कार्ड के लिए कैश पैसा दिया था और आज वे भी न्याय के लिए भटक रहे हैं।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

पूर्व सैनिक ने बताया कि उन्होंने ठगी से जुड़े काफी सबूत जुटा लिए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि –

1. जिन बच्चों से नौकरी के नाम पर ठगी हुई है, उन्हें उनका पैसा वापस दिलाया जाए।
2. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
3. दोषियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने के बाद अब उन्हें अपनी ही धरती पर न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

पीड़ितों में आक्रोश

इस खुलासे के बाद पीड़ित परिवारों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर शिकायत करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button