
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद गाजियाबाद एवं पूर्व सैनिक जन कल्याण समिति के तत्वावधान में सैनिक परिवार गाजियाबाद की मासिक बैठक संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन महासचिव सुरेंद्र शर्मा एवं चौधरी महिपाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक में कार्यकारी सचिव सुरेंद्र ठाकरे एवं देवराज सिंह ने पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों की जानकारी सदन को दी। जिला सैनिक अधिकारी ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सैनिक बंधु बैठक में पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर सैनिक महिला ब्रिगेड की कार्यकारी अध्यक्ष एवं इंडो जर्मन हॉस्पिटल, वेव सिटी की सीईओ डॉ. मेजर प्राची ने शहीद परिवारों की महिलाओं की संस्था में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं, संजय नगर स्थित यशोदा हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. अजय चौधरी ने पूर्व सैनिकों को ईसीएचएस (ECHS) की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन कराया।

बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। विशेष रूप से अशोक चौधरी, मुकेश शर्मा, कप्तान बना, दलबीर सिंह, महेश कुमार, त्रिभुवन शर्मा, धर्मवीर त्यागी, सुखबीर यादव, सुबोध कुमार, मोहम्मद यूसुफ, सब सिंह, एम.पी. सिंह, बसंत कुमार, किरण पांचाल, करतार सिंह, विजेंद्र सिंह, के.पी. सिंह, सूबेदार मेजर आर.एन. सिंह, किशन सिंह, आचार्य निरंजन एवं अन्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक के अंत में जलपान के उपरांत अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अगली मासिक बैठक 17 अगस्त को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला सैनिक भवन, कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की जाएगी।
संस्था की ओर से दिवंगत सदस्य एचएफओ किरण पाल सिंह की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का सामूहिक मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके पश्चात सभा का समापन किया गया।



