
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। संजय नगर, सेक्टर-23 स्थित शांति विहार में शुक्रवार, 28 अगस्त, 2026 को भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों की रक्षा और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है, जिसका संबंध प्राचीन परंपराओं से माना जाता है। सावन माह की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व पर रक्षा सूत्र बांधने की परंपरा रही है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार साधु-संत भी यजमानों को रक्षा सूत्र बांधते हैं। समय के साथ यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रमुख त्योहार बन गया।

रक्षाबंधन को महाभारत से जुड़ी भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी की कथा से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि एक बार भगवान श्रीकृष्ण की उंगली में चोट लगने पर द्रौपदी ने अपनी साड़ी का आंचल फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया था।

द्रौपदी के इस स्नेह और समर्पण से प्रभावित होकर श्रीकृष्ण ने उनकी रक्षा का वचन दिया। इसी धार्मिक प्रसंग को भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के भाव से जोड़कर देखा जाता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विमल कुमार, अभिनव कुमार, पवन शर्मा, लक्ष्य शर्मा, दीपा शर्मा, मीनाक्षी प्रजापति, प्रियांशी(नोनी), प्रजापति, शोभित मल्होत्रा, पूजा मल्होत्रा, सिमरन शर्मा और माहीं शर्मा सहित परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर स्नेह से राखी बांधी और भाइयों ने उन्हें उपहार देकर सदैव साथ एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पर्व के दौरान परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।




