श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा पहुंचेंगे योगी, कई परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री वृंदावन में तैयार किए जा रहे स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही जिले को करीब 1051 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और कई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हालांकि, पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन अब उनका मंदिर दर्शन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे पवन हंस हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से पानीगांव संपर्क मार्ग पर बनाए गए भक्तिमार्ग का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री गीता शोध संस्थान जाएंगे।
मथुरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से जिले में सड़क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों तथा अन्य क्षेत्रों से जुड़ी सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



