ABES में ‘लॉन्चपैड’ का शुभारंभ, 9 हजार छात्रों को मिलेगा कॉरपोरेट जगत से जुड़ने का मौका

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। शिक्षा और कॉरपोरेट जगत के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में एबीईएस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान की ओर से एचसीएलटेक कैरियर शेपर और नैसकॉम फ्यूचरस्किल्स प्राइम के सहयोग से ‘लॉन्चपैड’@एबीईएस पावर्ड बाय एचसीएलटेक कैरियर शेपर-इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड एकेडमिक प्रोग्राम की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान एबीईएस के महासचिव शाश्वत गोयल ने कहा कि इस पहल से संस्थान के 9,000 से अधिक विद्यार्थियों को कॉरपोरेट विशेषज्ञों के साथ सीधे जुड़कर सीखने और अपनी पेशेवर क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।

एबीईएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान ने बताया कि कार्यक्रम को मुख्य रूप से दो हिस्सों में तैयार किया गया है। पहला भाग ‘डीप स्किलिंग’ का है, जिसके तहत 315 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं दूसरा भाग ‘इंडस्ट्रियल इंटर्नशिप्स एंड प्रोजेक्ट्स’ होगा, जिसमें 120 घंटे का प्रशिक्षण और प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियां शामिल होंगी।
एचसीएल टेक्नोलॉजी की कॉरपोरेट वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्लोबल हेड-एडटेक बिजनेस शिवाशंकर ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को तेजी से बदल रही तकनीकी जरूरतों से परिचित कराने के साथ उन्हें शुरुआती स्तर से ही व्यावहारिक कौशल प्रदान करने में मदद करेगी। इससे छात्र कॉरपोरेट क्षेत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे।

नैसकॉम प्रतिनिधि ने भी कार्यक्रम को विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, निरंतर सीखने की क्षमता और कार्यकुशलता को बढ़ाने वाला कदम बताया। एबीईएस और एचसीएलटेक कैरियर शेपर के बीच यह समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए किया गया है।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर एबीईएस के चेयरमैन नीरज गोयल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल उनके कौशल विकास और बेहतर करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान एबीईएस के सलाहकार अभय अग्रवाल सहित एचसीएलटेक कैरियर शेपर, नैसकॉम और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



