किशन दास को मिली बड़ी जिम्मेदारी, राजपूत समग्र कल्याण संघ के पश्चिमी यूपी क्षेत्रीय संगठन मंत्री नियुक्त

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। राजपूत समग्र कल्याण संघ भारत की बैठक में संगठन विस्तार और सामाजिक उत्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में गाजियाबाद निवासी किशन दास पुत्र श्री गजराज सिंह को पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय संगठन मंत्री के पद पर नियुक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
बैठक में महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि राजपूत समग्र कल्याण संघ जल्द ही महिलाओं एवं युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करेगा। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाएं तैयार करने और जरूरतमंद लोगों को रोजगार से जोड़ने पर विचार किया जाएगा।
संगठन की ओर से बताया गया कि देश के करीब 29 राज्यों में कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करने के साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य करना है।
बैठक में संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रशासन डॉ. आरवी भदौरिया, नियंत्रक महासचिव भरत सिंह परिहार, नियंत्रक एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंदन सिंह परिहार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं उत्तर भारत प्रभारी उपकार चौहान सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नवनियुक्त क्षेत्रीय संगठन मंत्री किशन दास ने संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और समाज के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का प्रयास करेंगे।



