Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

मोदीनगर: महामाया देवी मंदिर के पास गंदे पानी की समस्या पर सवाल, शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप

मोदीनगर, (आनन्द धारा)। मोदीनगर के सीकरी खुर्द स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक माता महामाया देवी मंदिर के निकट गंदे पानी की निकासी और जलभराव की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गांव निवासी अधिवक्ता गजेंद्र सिंह गुर्जर ने नगर पालिका परिषद मोदीनगर और तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

अधिवक्ता गजेंद्र सिंह गुर्जर के अनुसार, कृष्णा कुंज, नवाब विहार और आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाला गंदा पानी मंदिर के नजदीक नालों और गड्ढों में एकत्र हो रहा है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और जलभराव की स्थिति पैदा होने के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि इस स्थिति से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कई सरकारी पोर्टल और अधिकारियों से की शिकायत

गजेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार के जनशिकायत पोर्टलों पर कई बार शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा जिलाधिकारी गाजियाबाद, पुलिस आयुक्त, उपजिलाधिकारी मोदीनगर, मंडलायुक्त मेरठ और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को भी मामले से अवगत कराने का दावा किया है।

उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद मौके पर समस्या का स्थायी निस्तारण नहीं हुआ। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर शिकायत की गई, उन्हीं से जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत कराई गई।

जांच रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल

अधिवक्ता के अनुसार, शिकायतों के जवाब में पोर्टल पर बार-बार ऐसी रिपोर्ट अपलोड की गईं, जो उनके मुताबिक मौके की वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खातीं। उन्होंने दावा किया कि 21 अक्टूबर 2026 को भी पोर्टल पर एक रिपोर्ट अपलोड की गई, जबकि उनके अनुसार मंदिर के आसपास गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है।

निष्पक्ष जांच और स्थायी समाधान की मांग

गजेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रदेश सरकार के उच्चस्तरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर के आसपास गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने और यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button