
गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर विभु बंसल ने पिलखुवा स्थित छठ घाट एवं गाजियाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र के विजयनगर स्थित एल-ब्लॉक, शंकरपुरी में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ छठी मैया की आराधना की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान उन्होंने दोनों स्थानों पर उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात की और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर विभु बंसल ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति और सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में एकता, समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दोनों स्थानों पर छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।



