
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। 26 नवंबर ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद में दो दिवसीय ‘ग्रोथएक्स कॉन्क्लेव 2026’ का आज भव्य शुभारंभ हुआ। ‘द बिग आइडिया ऑन कैंपस’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान, इनोवेशन हब, ए.के.टी.यू. के सी.ई.ओ. डॉ. महीप सिंह तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के एन.ई.बी. डिवीजन के पूर्व निदेशक श्री सुजीत बनर्जी ने संयुक्त रूप से किया। कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों को व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करना तथा उन्हें निवेशकों, उद्योग जगत और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आज के बदलते तकनीकी और व्यावसायिक परिदृश्य में शैक्षणिक संस्थानों को ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए, जहां विद्यार्थियों के विचारों को प्रोत्साहन मिले और उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के रूप में विकसित करने के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों, उद्योग विशेषज्ञों, निवेशकों और स्टार्टअप संस्थापकों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर आईनर्चर इनक्यूबेशन फाउंडेशन (आई.एन.आई.एफ.) के सी.ई.ओ. श्री महेंद्र के. गुप्ता ने कहा कि देश के शैक्षणिक परिसरों में प्रतिभा और नवाचारपूर्ण विचारों की कोई कमी नहीं है। ग्रोथएक्स कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप की पूरी यात्रा से परिचित कराना है, जिसमें विचार की पहचान, प्रोटोटाइप निर्माण, बाजार की आवश्यकताओं को समझना, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और निवेश प्राप्त करने की प्रक्रिया शामिल है।
इस कॉन्क्लेव का आयोजन ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, डी.एस.टी. इन्क्लूसिव टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर (आई.टी.बी.आई.) तथा आईनर्चर इनक्यूबेशन फाउंडेशन (आई.एन.आई.एफ.) द्वारा इनोवेशन हब, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (ए.के.टी.यू.) के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन का प्रमुख आकर्षण ‘फ्रॉम कैंपस टू कैपिटल: टर्निंग स्टूडेंट इनोवेशन्स इंटू फंडेबल स्टार्टअप्स’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही। इस सत्र का संचालन आई.एन.आई.एफ. के सी.ई.ओ. श्री महेंद्र के. गुप्ता ने किया। पैनल में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के पूर्व निदेशक श्री सुजीत बनर्जी, एंजेल निवेशक श्री प्रयांक गर्ग, एन.आर.डी.सी., भारत सरकार के वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. संजीव मजूमदार तथा टी.बी.आई., आई.पी.ई.सी. के सी.ई.ओ. श्री साजिद रजा ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के नवाचारपूर्ण विचारों को निवेश योग्य स्टार्टअप में परिवर्तित करने, फंडिंग की रणनीतियों, प्रभावी पिचिंग तथा उद्यमिता की व्यावहारिक चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए।
कॉन्क्लेव के दूसरे दिन, 27 नवंबर को ‘ग्रैंड फिनाले पिच’ का आयोजन होगा। इसमें चयनित प्रतिभागी अपने स्टार्टअप विचारों और व्यावसायिक मॉडलों को विशेषज्ञ निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इस सत्र में राठी एंड जैन एसोसिएट्स के पार्टनर सी.ए. अमित जैन, रेज मनी की हेड ऑफ ग्रोथ सुश्री वंदना सचदेवा, टी.आई.ई. दिल्ली के एसोसिएट डायरेक्टर श्री अभिषेक धर तथा डी.एक्स.सी. टेक्नोलॉजी के मैनेजर श्री समीर अग्रवाल निर्णायक मंडल की भूमिका निभाएंगे।
मीडिया प्रभारी डॉ० तरुण अरोड़ा ने बताया कि कॉन्क्लेव का समापन मुख्य अतिथि भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के ए.आई. एवं ई.टी. डिवीजन के अपर निदेशक डॉ. नलिन कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया जाएगा।



