Homeखेलशिक्षा

हाईस्कूल में 90% से अधिक अंक लाकर व्योम त्यागी ने बढ़ाया स्कूल और माता-पिता का मान

गाजियाबाद, 16 मई। केंद्रीय विद्यालय, कमला नेहरू नगर, गाजियाबाद के होनहार छात्र व्योम त्यागी ने हाईस्कूल परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता का भी सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। व्योम की इस असाधारण उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और उनके परिजन बेहद उत्साहित हैं।

व्योम त्यागी, गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष और समाजसेवी सीमा त्यागी के पुत्र हैं। व्योम उन छात्रों में से हैं जो पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।

ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट सेकंड डेन धारक 15 वर्षीय व्योम ने देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में 52 से अधिक पदक अपने नाम किए हैं। हाल ही में उन्होंने केवी रीजनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में लगातार तीसरे वर्ष स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की है।

व्योम का यह प्रदर्शन उन अभिभावकों के लिए प्रेरणा है जो मानते हैं कि खेल और पढ़ाई साथ-साथ नहीं चल सकते। व्योम ने अपने अनुशासन, मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और समर्थन मिले तो विद्यार्थी हर क्षेत्र में श्रेष्ठता प्राप्त कर सकते हैं।

व्योम की इस सफलता पर उनके माता-पिता ने विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि व्योम भविष्य में भी शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में देश और प्रदेश का नाम रोशन करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button